अब ट्रैकमैन्टेनर्स भी बन सकेंगे जूनियर इंजीनियर
बिना परीक्षा वरीयता आधार पर बनेंगे अधिकारी : मो ज़्याऊद्दीन
डीजे न्यूज, धनबाद: ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के अपर महामंत्री सह एआईआरएफ वर्किंग कमिटी मेम्बर मो ज़्याऊद्दीन ने बताया है कि अब ट्रैकमैन्टेनर्स को जूनियर इंजीनियर ( रेल पथ) में पदोन्नति पाकर अधिकारी बनने का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया गया है। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन और ईसीआरकेयू के प्रयासों से रेलवे बोर्ड ने अपनी सहमति प्रदान कर दी है। पहले इंजनियरिंग विभाग में सुपरवाइजर स्तर के इस पद पर पदोन्नति पाने के लिए विभागीय परीक्षा की कठिन लिखित प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था। परन्तु एआईआरएफ ने इस महत्वपूर्ण पद पर ट्रैकमैन्टेनर्स को उनके वरीयता के आधार पर उन्हें विभागीय पदोन्नति कोटा (डी पी सी) निर्धारित करने की मांग रखी। विभिन्न स्तरों पर बैठकों और उच्च स्तरीय अधिकारियों के समक्ष लिखित परीक्षा की बाध्यता को समाप्त करने की तर्कसंगत मांग को लगातार उठाया गया। इसके परिणामस्वरूप रेलवे बोर्ड ने 15 मई को आदेश संख्या – ई (एन जी )1/2020/पी एम 5/ 8 (ई-3325640) जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि जूनियर इंजीनियर ( रेल पथ) के 20 प्रतिशत पदों पर ट्रैकमैन्टेनर्स को बिना लिखित परीक्षा उनके वरीयता सह योग्यता के आधार पर पदोन्नति दिया जाना सुनिश्चित किया जाए।
धनबाद मंडल में ईसीआरकेयू के मीडिया प्रभारी एन के खवास ने उक्त जानकारी देते हुए कहा कि ट्रैकमैन्टेनर्स की यह पुरानी मांग थी कि उन्हें भी अधिकारी बनने का अवसर दिया जाना चाहिए जो ईसीआरकेयू और एआईआरएफ ने अपनी सक्रियता और विवेकपूर्ण तरीके से यह अवसर उपलब्ध कराया है। जोनल सेक्रेटरी ओ पी शर्मा सहित ईसीआरकेयू के सभी नेतृत्व ने ट्रैकमैन्टेनर्स को शुभकामनाएं दी हैं।