अब पढ़ाई का सफर होगा आसान, सिकदारडीह उर्दू विद्यालय के 31 विद्यार्थियों को मिली साइकिल
डीजे न्यूज, गिरिडीह : कल्याण विभाग की ‘विकास का उन्नत पहिया’ योजना के तहत शनिवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिकदारडीह उर्दू के 31 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिलों का वितरण राजकीय कन्या मध्य विद्यालय पचम्बा में किया गया।
साइकिल पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यार्थियों ने कहा कि अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी और समय की भी बचत होगी।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सबीर अंसारी एवं आईसीटी शिक्षक दिनेश सरके स्वयं विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे और साइकिल वितरण की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। इस दौरान कई अभिभावक भी उपस्थित रहे और सरकार की इस पहल की सराहना की।
प्रधानाध्यापक ने कहा कि ‘विकास का उन्नत पहिया’ योजना विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रही है। इससे छात्र-छात्राओं की विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी तथा उन्हें शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।