एसआईआर के खिलाफ गांवों में आंदोलन करेगी भाकपा माले 

एसआईआर के खिलाफ गांवों में आंदोलन करेगी भाकपा माले 

डीजे न्यूज, देवरी, गिरिडीह : प्रखंड के बुतुरुआ टांड़ गांव में शनिवार को भाकपा माले की हरियाडीह लोकल कमिटी की जीबी बैठक हुई। बैठक में एसआईआर के मुद्दे पर चर्चा करते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में आंदोलन तेज करने का आह्वान किया गया।

बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित भाकपा माले के जिला कमिटी सदस्य रामकिशुन यादव ने कहा कि एसआईआर के विरोध में देशभर के युवा दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार प्रदर्शनकारियों की आवाज दबाने के लिए दमनात्मक रवैया अपना रही है।

रामकिशुन यादव ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की मांग करने वालों पर कथित दमन से सबक लेते हुए अब गांवों, खेतों और खलिहानों तक इस मुद्दे पर आवाज बुलंद करने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर पर रोक लगाने की मांग जोर पकड़ रही है।

उन्होंने झारखंड ग्रामीण मजदूर सभा को मजबूत और सक्रिय बनाने पर भी जोर दिया। कहा कि संगठन को दुरुस्त कर लोकतंत्र की रक्षा और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को तेज करना होगा।

बैठक में अशोक पंडित, मोहन पंडित, नरेश हजरा, ब्रह्मदेव हजरा, मनिजर यादव, नीलम कुमारी, सुनैना देवी, कंचन देवी, पिंकी देवी, सावित्री देवी और सोनिया देवी सहित कई लोग मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top