टुंडी के नेमोरी जंगल में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
काटे गए चार साल के पेड़ों के 16 टुकड़े जब्त, लकड़ी माफिया फरार
डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : टुंडी वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को पश्चिमी टुंडी के नेमोरी जंगल में छापेमारी कर अवैध रूप से काटे गए चार मोटे साल के पेड़ों के 16 टुकड़े जब्त किए। हालांकि कार्रवाई के दौरान लकड़ी माफिया मौके से फरार होने में सफल रहा। जब्त लकड़ियों को वन विभाग की टीम टुंडी वन कार्यालय परिसर लेकर आई।
वन विभाग के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि नेमोरी जंगल में अवैध रूप से साल के पेड़ों की कटाई कर लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर प्रभारी फॉरेस्टर मनोज राय के नेतृत्व में टीम ने जंगल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार मोटे साल के पेड़ों के कुल 16 टुकड़े बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर वन कार्यालय लाया गया। इस संबंध में प्रभारी फॉरेस्टर मनोज राय ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उक्त कार्रवाई की गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद लकड़ी कारोबार में शामिल माफिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। छापेमारी अभियान में प्रभारी फॉरेस्टर मनोज राय, प्रकाश टुडू, ओमप्रकाश कुमार, शाहिद अली तथा पूर्णचंद दत्ता सहित वन विभाग के अन्य कर्मी शामिल थे। वन विभाग फरार लकड़ी माफिया की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।