बलियापुर हीरक रोड पर ट्रक की चपेट में आने से छात्रा की मौत, मुआवजे को लेकर सड़क जाम

बलियापुर हीरक रोड पर ट्रक की चपेट में आने से छात्रा की मौत, मुआवजे को लेकर सड़क जाम

डी-नोबिली स्कूल, सिंदरी में नौवीं कक्षा की छात्रा थी पाखी मंडल 

डीजे न्यूज, बलियापुर (धनबाद) : बलियापुर क्षेत्र के बलियापुर-धनबाद हीरक रोड पर पहाड़पुर स्थित प्रजन्य बीएड कॉलेज के समीप शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौवीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। कोयला लदे एक एलपी ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक के पीछे बैठी 15 वर्षीय पाखी मंडल ट्रक की चपेट में आ गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में बाइक चला रहे मृतका के पिता रंजीत मंडल भी घायल हो गए।

घटना शाम करीब 7:30 बजे की बताई जाती है। मृतका पाखी मंडल आमझर गांव निवासी रंजीत मंडल की पुत्री थी और डी-नोबिली स्कूल, सिंदरी में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। बताया जाता है कि वह अन्य दिनों की तरह ट्यूशन पढ़कर अपने पिता के साथ बाइक से आमझर स्थित अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान पहाड़पुर स्थित प्रजन्य बीएड कॉलेज के पास पीछे से तेज गति से आ रहे कोयला लदे एलपी ट्रक ने बाइक को धक्का मार दिया। टक्कर लगते ही बाइक के पीछे बैठी पाखी मंडल सड़क पर गिर गई और ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक चालक एवं मृतका के पिता रंजीत मंडल भी घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेत्री तारा देवी, आमझर के मुखिया धर्मेंद्र रवानी, भिखराजपुर के मुखिया दिलीप महतो, राजेश रविदास, विकास दास, शहाबुद्दीन अंसारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि घटना से आक्रोशित ग्रामीण किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुए और मुआवजे की मांग को लेकर हीरक रोड जाम कर दिया।

इस दौरान आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक में तोड़फोड़ भी की, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि मौके पर मौजूद कुछ लोगों की सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

बताया जाता है कि पाखी मंडल अपने माता-पिता की इकलौती पुत्री थी। उसका एक बड़ा भाई है। बेटी की असामयिक मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

समाचार लिखे जाने तक घटनास्थल पर सड़क जाम जारी था और ग्रामीण मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top