आउटसोर्सिंग की मनमानी के खिलाफ मजदूरों का हल्लाबोल, 22 अक्टूबर को चक्का जाम की चेतावनी
डीजे न्यूज, तिसरा,धनबाद : बिहार कोलियरी कामगार यूनियन की कुजामा शाखा के निर्णय पर बुधवार को लोदना क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष मजदूरों ने विशाल प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद महाप्रबंधक को 25 सूत्री मांगपत्र सौंपा गया। मजदूरों ने पानी, बिजली, सड़क, रोजगार, वेतन, सुरक्षा और पुनर्वास समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रदर्शन में यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में आउटसोर्सिंग कंपनियां मनमानी कर रही हैं। परियोजना की जद में आने वाली सार्वजनिक व सरकारी सड़कों को काटा जा रहा है तथा माडा की पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त किए जाने से पानी का संकट उत्पन्न हो रहा है। हैवी ब्लास्टिंग के कारण बस्तियों में पत्थर गिरने और पर्यावरण प्रदूषण की समस्या भी बढ़ गई है।
मजदूरों ने असंगठित व आउटसोर्सिंग कर्मियों को हाई पावर कमेटी के अनुसार वेतन देने, समय पर भुगतान करने, आठ घंटे की जगह 12 घंटे काम कराने पर रोक लगाने तथा सुरक्षा मानकों के तहत जूता, टोपी और हेलमेट उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही छह नंबर व नौ नंबर साइडिंग के असंगठित मजदूरों को रोजगार, एनटी-एसटी जीनागोरा ट्रक लोडिंग में बीसीकेयू से जुड़े मजदूरों को रोजगार तथा हैंड लोडिंग से ट्रक लोडिंग कराने की मांग उठाई गई।
वक्ताओं ने कहा कि रैयतों की जमीन को जबरन बर्बाद कर उत्खनन किया जा रहा है। बिना नियोजन और मुआवजा दिए जमीन का उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। साइडिंग में मृत मजदूरों के आश्रितों को नियोजन देने, सीएमपीएफ की राशि का हिसाब देने तथा संवेदकों द्वारा काटी गई सीएमपीएफ राशि जमा कराने की भी मांग की गई।
कर्माटांड़-कुसुम बिहार के क्वार्टरों में कथित भ्रष्टाचार, अग्नि-भुधसान प्रभावित क्षेत्र के लोगों के बेहतर पुनर्वास, स्थानीय लोगों के साथ आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा कथित मारपीट और गरीब लोगों को क्वार्टर आवंटन के लिए कार्यालयों का चक्कर लगवाने जैसी समस्याओं को भी उठाया गया।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 22 अक्टूबर को पूरे क्षेत्र में चक्का जाम किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
प्रदर्शन में यूनियन के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री मानस कुमार चटर्जी, एरिया अध्यक्ष सबुर गोराय, एरिया सचिव शिवकुमार सिंह, कुजामा शाखा सचिव सुरेंद्र पासवान, शाखा उपाध्यक्ष कुंदन पासवान, मधुसूदन बनर्जी, सुरेश भुईयां समेत बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे। कार्यक्रम में गणेश पासवान, सलमान खान, छोटू रवानी, शुभम कुमार, रेखा देवी, सुंदरवा देवी, भोला पासवान, पुतुल देवी, ललिता देवी, मालो देवी, रूबी देवी, रीता कुमारी, राजकुमार पासवान, जयन राम, प्रवेश पासवान, मनोज निषाद, राजकुमार चौहान, मनोज चौहान, सूरज दिलदार, भगवान दास निषाद, सोनिया देवी समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए।