दुर्गापूजा पर प्रशासन की कड़ी नजर, पंडालों में CCTV से लेकर अग्नि सुरक्षा के हो पुख्ता इंतजाम : उपायुक्त 

दुर्गापूजा पर प्रशासन की कड़ी नजर, पंडालों में CCTV से लेकर अग्नि सुरक्षा के हो पुख्ता इंतजाम : उपायुक्त 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : दुर्गापूजा एवं दशहरा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, स्वच्छता, बिजली, पानी, सड़क, यातायात और विसर्जन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को कई निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी पूजा पंडालों में CCTV कैमरे, हेल्प डेस्क, पर्याप्त रोशनी, एंट्री-एग्जिट के अलग रास्ते और वॉलंटियर्स की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पंडालों के आसपास वाहनों की पार्किंग नहीं होने देने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने पंडालों में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने और अग्निशमन वाहनों के लिए रास्ता खाली रखने को कहा। जर्जर बिजली तार और पोल दुरुस्त कराने के साथ पूजा पंडाल एवं मेला क्षेत्रों में निर्बाध बिजली और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

शराब और मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई

पर्व के दौरान अवैध शराब के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उपद्रव करने वालों के खिलाफ नियमित छापेमारी और कार्रवाई का निर्देश उत्पाद विभाग को दिया गया। वहीं फूड सेफ्टी अधिकारी को चाट, पुचका, छोला, पनीर, चाउमीन, मोमो समेत अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने को कहा गया।

विसर्जन और आपात स्थिति पर भी विशेष तैयारी

उपायुक्त ने विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, पहुंच मार्ग, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था समय से पूरा करने का निर्देश दिया। आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए QRC (क्विक रिस्पांस टीम) गठित करने और आवश्यक संसाधनों के साथ इसे सक्रिय रखने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान पुलिस पूरी तरह अलर्ट रहेगी। संवेदनशील पंडालों में विशेष निगरानी, कंट्रोल रूम और CCTV मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाएगी। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश-निकास की व्यवस्था करने तथा पर्याप्त संख्या में महिला व पुरुष वॉलंटियर्स और पुलिस मित्र तैनात करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने की बात कही। भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट और वीडियो के प्रसार पर कार्रवाई की जाएगी। पूजा समितियों से आपत्तिजनक गीतों से परहेज करने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित मानकों के अनुसार इस्तेमाल करने की अपील की गई।

उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने भी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी यातायात, सफाई, बिजली, पेयजल, प्रकाश, विसर्जन और सुरक्षा से जुड़े सुझाव रखे। अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top