आईआईटी (आईएसएम) में राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘आईएलएमआई 6 अगस्त से
अत्याधुनिक लेजर विज्ञान पर मंथन करेंगे वैज्ञानिक
डीजे न्यूज, धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद का भौतिकी विभाग 6 से 8 अगस्त तक नेशनल सिम्पोजियम ऑन इंटेंस लेजर मैटर इंटरैक्शंस (आईएलएमआई-2026) का आयोजन करेगा। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में देश के अग्रणी वैज्ञानिक, शिक्षाविद, शोधकर्ता और युवा वैज्ञानिक अत्याधुनिक लेजर विज्ञान एवं उससे जुड़े उभरते अनुसंधान क्षेत्रों पर विचार-विमर्श करेंगे। संगोष्ठी के दौरान हाई टू अल्ट्रा हाई इंटेंस लेजर साइंस, लेजर ड्रिवेन प्लाज्मा साइंस एंड एप्लीकेशंस, थ्योरिटिकल एवं कम्प्यूटेशनल प्लाज्मा फिजिक्स, अल्ट्राफास्ट मैग्नेटाइजेशन डायनेमिक्स, हाई हार्मोनिक जेनरेशन (एचएचजी), टीएचजेड साइंस तथा लेजर एब्लेशन, डिपोजिशन एवं प्रोसेसिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने शोध और अनुभव साझा करेंगे।
आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के भौतिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक एवं संगोष्ठी के संयोजक प्रो. अमितावा आदक ने बताया कि आईएलएमआई-2026 का उद्देश्य देशभर के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को एक ऐसा साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे इंटेंस लेजर–मैटर इंटरैक्शन के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम अनुसंधानों पर चर्चा कर सकें और भविष्य के लिए नए वैज्ञानिक सहयोग विकसित कर सकें। उन्होंने कहा कि यह संगोष्ठी युवा शोधकर्ताओं को देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों से सीधे संवाद का अवसर भी प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि लेजर विज्ञान, प्लाज्मा फिजिक्स और संबंधित क्षेत्रों में तेजी से हो रहे शोध आज चिकित्सा, उन्नत विनिर्माण, ऊर्जा, मैटेरियल साइंस तथा अन्य कई वैज्ञानिक एवं औद्योगिक क्षेत्रों में नई संभावनाएं पैदा कर रहे हैं। ऐसे समय में यह संगोष्ठी ज्ञान के आदान-प्रदान, नवाचार और अंतर्विषयी अनुसंधान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भौतिकी विभाग द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में देश के विभिन्न प्रमुख शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के दौरान तकनीकी सत्रों, आमंत्रित व्याख्यानों और वैज्ञानिक चर्चाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को लेजर एवं प्लाज्मा विज्ञान के नवीनतम विकास से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।