जलापूर्ति की समस्या के स्थायी समाधान को उच्चस्तरीय बैठक
झरिया में जल संकट नहीं होने देंगे, नियमित पेयजल आपूर्ति हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : मेयर संजीव सिंह
डीजे न्यूज, धनबाद: झरिया क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान एवं आम लोगों को नियमित और निर्बाध जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को धनबाद नगर निगम स्थित मेयर कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेयर संजीव सिंह ने की। बैठक में डिप्टी मेयर अरुण चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में झरिया क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था की वर्तमान स्थिति, विभिन्न क्षेत्रों में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं, पाइपलाइन संचालन, जल वितरण प्रणाली तथा आपूर्ति में आने वाली बाधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि झरिया के किसी भी मोहल्ले में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। जहां भी समस्या सामने आ रही है, उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करें।
मेयर ने अधिकारियों से कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए तकनीकी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, आवश्यक मरम्मत कार्यों में तेजी लाई जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने, तकनीकी बाधाओं को दूर करने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार के जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। संबंधित अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करते हुए झरिया क्षेत्र में नियमित एवं बेहतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर मेयर संजीव सिंह ने कहा कि झरिया की जनता को स्वच्छ, नियमित और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जलापूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या के प्रति नगर निगम पूरी तरह संवेदनशील है। सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में डिप्टी मेयर अरुण चौहान, झमाडा के सचिव आकाश रजक, झरिया के एसडीओ कृपा शंकर, एसडीओ सचिन झा, मयंक भगत, प्रसून कौशिक, कल्पतरु से सुशील, पीएमसी से त्रिपाठी, राज किशोर जेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।