आईआईटी (आईएसएम) में नए मतदाता जागरूकता अभियान छात्रों को मतदाता पंजीकरण की दी गई जानकारी

आईआईटी (आईएसएम) में नए मतदाता जागरूकता अभियान

छात्रों को मतदाता पंजीकरण की दी गई जानकारी

डीजे न्यूज, धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-आईएसएम) धनबाद के डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर कार्यालय की ओर से संस्थान के विभिन्न छात्रावासों में नए मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-2026) कार्यक्रम के तहत चलाया गया, जिसका उद्देश्य पात्र छात्रों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना था।

अभियान के दौरान उन विद्यार्थियों को विशेष रूप से जागरूक किया गया, जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। उन्हें नए मतदाता के रूप में पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया समझाई गई तथा फॉर्म-6 भरने की जानकारी दी गई। साथ ही ऑनलाइन आवेदन, आवश्यक दस्तावेज और समय पर पंजीकरण के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान की अहम भूमिका से अवगत कराते हुए बताया गया कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। छात्रों ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया और मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए।
संस्थान ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ना है। अभियान के दौरान छात्रावासों में जागरूकता सत्र आयोजित किए गए और छात्रों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top