धनबाद के विकास और कानून-व्यवस्था को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से मिले सांसद ढुलू महतो
धनबाद से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सौंपा ज्ञापन, गृह मंत्री ने आवश्यक पहल का दिया आश्वासन
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात किया।
मुलाकात के दौरान सांसद ढुलू महतो ने धनबाद में बढ़ते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने तथा जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण और समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस संबंध में उन्होंने गृह मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा।
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद की सुरक्षा, विकास और आम लोगों की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने इन विषयों पर केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन का अनुरोध किया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और आवश्यक पहल करते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुलाकात के बाद सांसद ढुलू महतो ने विश्वास जताया कि गृह मंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से धनबाद में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी, विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों का जल्द समाधान होगा।