शुरू हुई दावा-आपत्ति प्रक्रिया, सात अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

शुरू हुई दावा-आपत्ति प्रक्रिया, सात अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
जिले के सभी 2,586 मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई : उपायुक्त रामनिवास यादव
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत बुधवार को प्रारूप मतदाता सूची एवं ASDDF सूची का प्रकाशन कर दिया गया। इस संबंध में समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि 05 अगस्त से 04 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी, जबकि सभी आवेदनों का निष्पादन एवं सुनवाई 03 अक्टूबर तक होगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर को किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी 2,586 मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता अपने नाम और परिवार के सदस्यों का विवरण अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो वह निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन कर सकता है। 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी प्रपत्र-6 के जरिए मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं। आवेदन बीएलओ, ECINET मोबाइल ऐप अथवा Voters Portal के माध्यम से ऑनलाइन भी किया जा सकता है।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन के आधार पर ASDDF सूची तैयार की गई है, जिसमें मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, पूर्व से पंजीकृत, अनुपस्थित एवं अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। ऐसे मतदाताओं के नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं होंगे। जिन मामलों में दस्तावेजों की कमी या अन्य विसंगतियां पाई जाएंगी, उन्हें नोटिस जारी कर सुनवाई का अवसर दिया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि पात्र मतदाताओं के पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए 08-09 अगस्त तथा 22-23 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 15 अगस्त को पंचायत भवनों में ग्राम सभाएं आयोजित होंगी और 25 अगस्त से 04 सितंबर तक Home-to-Roll Verification अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
उन्होंने नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए समय पर अपने मतदाता विवरण का सत्यापन कराने और आवश्यक होने पर दावा या आपत्ति दर्ज कराने की अपील की। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रेस वार्ता में उप निर्वाचन पदाधिकारी पायल राज, निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top