साफ-सफाई कार्य में लगे वाहनों के परिचालन व कार्यप्रणाली की हुई समीक्षा, नगर आयुक्त ने दिए निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: नगर आयुक्त आशीष गंगवार की अध्यक्षता में निगम अंतर्गत साफ-सफाई कार्य में संलग्न वाहनों के परिचालन एवं परिवहन शाखा की कार्यप्रणाली की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, कनीय अभियंता एवं परिवहन शाखा के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई कार्य हेतु संचालित विभिन्न वाहनों यथा स्वीपिंग मशीन, फॉगिंग मशीन, ड्राई वेस्ट सक्शन मशीन, जटायु आदि के परिचालन की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में नगर आयुक्त द्वारा परिवहन शाखा के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिए गए।
वाहनों का रोस्टर तैयार करना
निगम क्षेत्र में साफ-सफाई कार्य हेतु संचालित स्वीपिंग मशीन, फॉगिंग मशीन, ड्राई वेस्ट सक्शन मशीन, जटायु आदि वाहनों के नियमित एवं प्रभावी परिचालन हेतु व्यवस्थित रोस्टर तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्धारित क्षेत्रों में इनका नियमित परिचालन सुनिश्चित हो सके।
व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम (VTS) अधिष्ठापन
धनबाद नगर निगम के सभी वाहनों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम (VTS) अधिष्ठापित करने हेतु आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर समर्पित करने का निर्देश कनीय अभियंता को दिया गया, ताकि वाहनों के परिचालन एवं लोकेशन की नियमित निगरानी की जा सके।
कंटेनर वर्कशॉप की स्थापना
निगम के वाहनों के रखरखाव एवं मरम्मती कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु कंटेनर आधारित वर्कशॉप तैयार करने के लिए आवश्यक तैयारी एवं अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
VTS का रिचार्ज
ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस (O&M) के तहत संचालित वाहनों से संबंधित एजेंसियों को अपने-अपने वाहनों में अधिष्ठापित व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम को नियमित रूप से रिचार्ज एवं सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया, ताकि वाहनों की निगरानी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
ईंधन आपूर्ति की व्यवस्था
कतरास एवं छाताटांड़ अंचल में संचालित निगम के वाहनों हेतु ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित अंचलों के स्थानीय पेट्रोल पंपों में आवश्यक व्यवस्था स्थापित कर अंचल अंतर्गत निर्धारित पेट्रोल पंपों से ही ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उक्त सभी निर्देशों का अनुपालन निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत सुनिश्चित करने तथा परिवहन शाखा की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने का निर्देश नगर आयुक्त द्वारा दिया गया।