मजदूरों ने श्री इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी का किया चक्का जाम, आश्वासन पर काम पर लौटे
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
गोविंदपुर एरिया-तीन अंतर्गत महेशपुर कोलियरी में संचालित श्री इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी के मनमाने रवैये से त्रस्त मजदूरों का सब्र रविवार को टूट गया। सुबह साढ़े नौ बजे से कंपनी के ड्राइवर, ऑपरेटर व हेल्पर ने कार्य का पूर्ण बहिष्कार करते हुए चक्का जाम कर दिया। आक्रोशित कर्मियों ने कंपनी परिसर में प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। मजदूरों का आरोप है कि कंपनी विगत एक वर्ष से लगातार उनका शोषण कर रही है। न समय पर वेतन मिलता है, न ही पूरा वेतन दिया जाता है। बेवजह हाजरी काटकर वेतन में कटौती करना कंपनी की आदत बन गई है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे रंजीत ग्याली ने बताया कि दुर्गा पूजा में कंपनी ने दो दिवसीय राष्ट्रीय अवकाश घोषित कर छुट्टी दी थी, किंतु वेतन भुगतान के समय एक दिन की हाजरी काट ली गई। इसी प्रकार 2 अक्टूबर गांधी जयंती को ड्यूटी करने के बावजूद उसका भी भुगतान नहीं किया गया। मजदूरों ने मांग की है कि प्रत्येक राष्ट्रीय अवकाश पर या तो सवेतन अवकाश दिया जाए अथवा डबल हाजरी का भुगतान किया जाए।
मजदूरों ने बताया कि दुर्गा पूजा का बोनस दीपावली पर देने का आश्वासन दिया गया था, परंतु दुर्गा पूजा, दीपावली बीत गई और छठ पर्व भी चल रहा है, फिर भी बार-बार आश्वासन के बावजूद अब तक बोनस का भुगतान नहीं हो सका है। सर्वाधिक गंभीर आरोप उच्चाधिकार प्राप्त समिति (एचपीसी) के निर्धारित मानदंडों की अनदेखी को लेकर है। मजदूरों का कहना है कि आठ घंटे की जोखिम भरी ड्यूटी के एवज में एचपीसी दर से काफी कम दैनिक मजदूरी दी जा रही है। इसको लेकर पिछले एक साल से विरोध किया जा रहा है, किंतु प्रबंधन ने अब तक कोई सुधार नहीं किया। इसके अलावा हाजरी में भी व्यापक अनियमितता का आरोप लगाया गया है।
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि हेवी ब्लास्टिंग अथवा अन्य कारणों से बाहरी तत्वों या स्थानीय लोगों द्वारा प्रदर्शन कर जबरन कंपनी बंद करा दी जाती है, तो उसका आर्थिक भार भी मजदूरों पर डाल दिया जाता है, जबकि इसमें मजदूरों की कोई भूमिका नहीं होती।
आंदोलनरत कर्मियों ने कहा कि जब तक प्रबंधन उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करता, तब तक चक्का जाम जारी रहेगा और उत्पादन पूरी तरह ठप रहेगा।
इधर, करीब दो घंटे तक चले चक्का जाम के बाद साढ़े ग्यारह बजे कंपनी प्रबंधन ने हस्तक्षेप किया और सभी मजदूरों को वार्ता के लिए बुलाया। प्रबंधन ने सभी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल कर पूरा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद सभी मजदूर काम पर लौट गए और आउटसोर्सिंग का कार्य पुनः चालू हो गया।
इस अवसर पर अजय मोदी, रमेश साव, शंभू महतो, शंभू कुमार गोप, लखन चौहान, टिंकू गयाली, कन्हाई बाउरी, संजोक चौहान, प्रभु चौहान, बिनोद रजक, मनोज कुमार, चंदन चौहान, मनोरंजन पाण्डेय, रंजीत रजक, ननका पासी, संतोष यादव, कुल महतो, विजय चौहान, गौतम अनिरुद्ध सिंह समेत बड़ी संख्या में कर्मी उपस्थित थे।