बेलगड़िया टाउनशिप में पाइप के अंदर फंसा बच्चा, घंटों मशक्कत के बाद किया गया रेस्क्यू
डीजे न्यूज, धनबाद: बेलगड़िया टाउनशिप में शनिवार रात खेलने के दौरान एक बच्चा पानी सप्लाई के लिए रखे पाइप के अंदर फंस गया। बच्चे की पहचान आयुष के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम डब्लू शर्मा है। बच्चे के पाइप में फंसने की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, ग्रामीणों में पाइप रखने की व्यवस्था को लेकर आक्रोश देखा गया।
जानकारी के अनुसार, बेलगड़िया टाउनशिप में दामोदर नदी से पानी की सप्लाई के लिए हजारों पाइप मैदान में रखे गए हैं। आयुष खेलते-खेलते एक पाइप के अंदर चला गया और वहीं फंस गया। इसके बाद उसने बचाओ-बचाओ की आवाज लगाई। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
बेलगड़िया टीओपी प्रभारी मो. इरफान अंसारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और उनकी टीम ने मिलकर बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास किया। पाइप को हटाने के लिए गाड़ी भी मंगाई गई थी, ताकि बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। हालांकि, गाड़ी की मदद से पाइप हटाने की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही ग्रामीणों और उनकी टीम ने काफी प्रयास के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने खुले मैदान में बड़ी संख्या में पाइप रखे जाने पर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि इस तरह पाइप रखे होने से बच्चों के साथ हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने सुरक्षा के उचित इंतजाम करने की जरूरत बताई।