हाथों की स्वच्छता से बीमारियों पर लगेगी लगाम, सिकरुडीह स्कूल में बच्चों को सिखाए गए हाथ धोने के सही तरीके
विश्व हाथ धुलाई दिवस पर जल सहियाओं ने किया जागरूक, रसोइयों को भी स्वच्छता के साथ भोजन बनाने की दी गई सीख
डीजे न्यूज, देवरी,धनबाद : विश्व हाथ धुलाई दिवस के अवसर पर गुरुवार को देवरी प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिकरुडीह में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को हाथों की स्वच्छता का महत्व बताते हुए साबुन और हैंडवॉश से हाथ धोने के सही तरीके सिखाए गए। साथ ही, विद्यालय की रसोइयों को भी स्वच्छता के नियमों का पालन करते हुए भोजन बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जल सहिया सुशीला मुर्मू और कुमकुम देवी ने गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को हाथ धोने के विभिन्न चरणों की जानकारी दी। बच्चों को साबुन और हैंडवॉश उपलब्ध कराकर हाथ धुलवाए गए तथा नियमित रूप से हाथ धोने की आदत अपनाने के लिए जागरूक किया गया। हाथ धोने से पहले और बाद की स्थिति का प्रत्यक्ष अनुभव कराकर स्वच्छता के प्रति उनकी समझ विकसित करने का प्रयास किया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक पप्पू कुमार ने कहा कि 15 अक्टूबर को विश्व हाथ धुलाई दिवस के साथ भारत रत्न एवं मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती भी मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन का आधार है। हाथों की नियमित सफाई से कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। यह आदत केवल बच्चों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि परिवार के सभी सदस्यों को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि शौच के बाद, भोजन करने से पहले, खाना बनाने से पहले, कचरा साफ करने और जानवरों को छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोना चाहिए। स्वच्छता के प्रति जागरूकता ही स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान मध्याह्न भोजन में बच्चों को विशेष रूप से खीर परोसी गई। मौके पर संतोष कुमार, रसोइया विनीता देवी और यशोदा देवी, शिक्षक शोभरण मंडल, क्रांति हांसदा, विजय शर्मा, उमेश मंडल, मोहम्मद मुस्तकीम, सीमा दास, बाल संसद के सदस्य तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद थे।