बाबूलाल मरांडी के गांव कोदाईबांक में मिले तिसरी के दवा व्यवसायी 

बाबूलाल मरांडी के गांव कोदाईबांक में मिले तिसरी के दवा व्यवसायी 

पुलिस ने 24 घंटे में किया सकुशल बरामद 

डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : तिसरी थाना प्रभारी शंभूनंद ईश्वर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार से लापता चंदौरी के दवा कारोबारी राजकुमार राम को महज 24 घंटे के भीतर बुधवार की रात सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने उन्हें तिसरी के कोदाईबांक गांव स्थित एक घर से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। हालांकि, वह खुद से गायब हुए थे या उनके लापता होने के पीछे कोई अन्य कारण था, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो पाया है। विदित हो कि कोदाईबांक झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का पैतृक गांव है।

राजकुमार राम की तलाश में तिसरी पुलिस दो रात और एक दिन परेशान रही। वहीं, उनके परिजन भी अनहोनी की आशंका से चिंतित थे। राजकुमार राम की चंदौरी में दवा की दुकान है। वह मरीजों का इलाज भी करते हैं।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम राजकुमार राम घर से एक मरीज का इलाज करने जाने की बात कहकर निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। उनकी पत्नी लगातार फोन करती रहीं, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद राजकुमार राम ने अपने बेटे को फोन कर बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें चंदवापहाड़ी के जंगल में पकड़ लिया है और उनकी जान को खतरा है। बेटे ने तत्काल इसकी सूचना तिसरी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और उनके बताए स्थान के आसपास तलाश शुरू की, लेकिन वह वहां नहीं मिले। बुधवार सुबह चंदवापहाड़ी जाने वाले रास्ते में उनकी नेक्सॉन कार खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी। इसी दौरान तकनीकी सुराग के आधार पर पुलिस को उनका पता चला। पुलिस ने कोदाईबांक गांव स्थित एक घर से उन्हें सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। राजकुमार राम के लापता होने और फिर बरामदगी की घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा है। हालांकि, उनके गायब होने की वास्तविक वजह का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top