त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 11.2 किलो मिठाई नष्ट
बिरनी, सरिया और बगोदर में 25 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, मिलावट और गंदगी पर सख्ती
डीजे न्यूज, गिरिडीह : आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को बिरनी, सरिया और बगोदर के विभिन्न इलाकों में मिठाई दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए कुल 11.2 किलोग्राम मिठाई को नष्ट कराया गया। वहीं, कुछ प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।
जिला प्रशासन के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, खाद्य तेल की स्थिति और दुकानों में साफ-सफाई की जांच की गई। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करने और मिलावटी या अवमानक खाद्य सामग्री की बिक्री से बचने की सख्त हिदायत दी।
### कई दुकानों में मिली गड़बड़ी
बिरनी प्रखंड में प्रज्ञा स्वीट्स से पेड़ा का नमूना संग्रहित किया गया। यहां तीन किलोग्राम रसगुल्ला और एक किलोग्राम लड्डू दूषित पाए जाने पर नष्ट कराया गया। वहीं, साहा स्वीट्स में स्टार्च की मौजूदगी पाए जाने पर दो किलोग्राम खोवा नष्ट किया गया।
सरिया क्षेत्र में शंकर स्वीट्स से कलाकंद का नमूना जांच के लिए लिया गया। यहां एक किलोग्राम कलाकंद में स्टार्च पाए जाने पर उसे नष्ट कराया गया। इसके अलावा गोपाल स्वीट्स से 500 ग्राम मिल्क केक और नारायण स्वीट्स से 700 ग्राम बर्फी को स्टार्च की मौजूदगी के कारण नष्ट कराया गया।
बगोदर प्रखंड में 12 खाद्य प्रतिष्ठानों और फास्ट फूड स्टॉलों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान मधेशिया स्वीट्स में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए तीन किलोग्राम काजू बर्फी को नष्ट कराया गया।
### बिना वैध लाइसेंस कारोबार करने पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को पनीर, खोवा, मिल्क केक और अन्य खाद्य सामग्री केवल वैध लाइसेंसधारी एवं अधिकृत आपूर्तिकर्ताओं से खरीदने का निर्देश दिया है। सभी प्रतिष्ठानों को वैध खाद्य लाइसेंस और पंजीकरण के प्रावधानों का पालन करने को कहा गया है। साथ ही, अखबार में खाद्य पदार्थ लपेटकर या रखकर बेचने पर रोक संबंधी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने और दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने की हिदायत दी गई है।
होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराने, खाद्य कारोबार में लगे कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से पेस्ट कंट्रोल कराने का निर्देश भी दिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।