नौ दुर्गा के स्वरूप में सजीं नन्हीं कन्याएं, मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

नौ दुर्गा के स्वरूप में सजीं नन्हीं कन्याएं, मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बरगंडा में नवकन्या पूजन और अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह आयोजित

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में गुरुवार को भक्ति, संस्कार और शैक्षणिक प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में नवकन्या पूजन समारोह के साथ अर्द्धवार्षिक परीक्षा-2026 के परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नन्हीं कन्याओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की मनोहारी प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं, परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में शिशु वर्ग की नन्हीं बहनें मां दुर्गा के नौ दिव्य स्वरूपों शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री के रूप में सजीं। उनकी आकर्षक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विद्यालय के आचार्य और दीदी जी ने नौ स्वरूपों का विधिवत पूजन कर श्रद्धा व्यक्त की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कमल ने कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि नारी शक्ति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। प्रत्येक कन्या में मां दुर्गा का स्वरूप देखने की भारतीय संस्कृति की परंपरा हमें महिलाओं के सम्मान और गौरव का संदेश देती है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार प्रदान करना है, ताकि वे भारतीय संस्कृति के सच्चे वाहक बन सकें।

### मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान कक्षा अरुण से द्वादश तक के विद्यार्थियों को अर्द्धवार्षिक परीक्षा-2026 का प्रगति पत्र प्रदान किया गया। प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी भैया-बहनों को प्रधानाचार्य आनंद कमल एवं मुख्य अतिथि प्रवासी कार्यकर्ता सलमान होजाई ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि सलमान होजाई ने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं, प्रधानाचार्य आनंद कमल ने कहा कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा का परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत और प्रगति का आईना है। बच्चों को अपने परिणाम से प्रेरणा लेकर आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में गायत्री दीदी के दिशा-निर्देशन, शिशु वर्ग प्रमुख कल्पना दीदी सहित विद्यालय के सभी आचार्यों और दीदी जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंच संचालन आचार्य अजित मिश्र ने किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top