सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माणाधीन स्थल पर कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों में भिड़ंत, तीन जख्मी

सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माणाधीन स्थल पर कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों में भिड़ंत, तीन जख्मी

दोनों पक्षों ने थाना में दी शिकायत, जांच में जुटी पुलिस

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
नमामि गंगे मिशन के तहत दामोदर नदी को प्रदूषण मुक्त करने के उद्देश्य से कतरास थाना क्षेत्र के रामपुर-गजलीटांड़ स्थित कतरी नदी के किनारे निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यस्थल पर बुधवार को जमकर बवाल हुआ।
इस दौरान कंपनी प्रतिनिधि और ग्रामीणों के बीच भिड़ंत हो गई। इस घटना में दोनों पक्ष के तीन लोग जख्मी हुए हैं। दोनों पक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ कतरास थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आलोक में जांच में जुटी है।

एक पक्ष की ओर से ग्रामीण षष्टी सरकार तथा
गुड्डू रजक ने कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर विनय सिंह, लाइजनर आलोक सिंह, मुकेश कुमार समेत पांच-छह अज्ञात लोगों पर रॉड और लाठी से हमला करने का आरोप लगाया है।
दोनों शिकायतकर्ता के अनुसार जमीन के बदले मुआवजा देने के मुद्दे पर कंपनी की ओर से बैठक बुलाई गई थी। दोपहर करीब दो बजे बैठक समाप्त होने के बाद आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। शिकायतकर्ता गुड्डू रजक ने जातिसूचक शब्द का प्रयोग करने, दाहिने हाथ में चोट पहुंचाने और गड्ढे में गिरा देने का आरोप लगाया है। वहीं, षष्टी सरकार ने अपनी मां भारती सरकार के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार करने तथा भागने के दौरान उनकी साड़ी खींचने का आरोप लगाया है। शिकायत में दोनों ने कहा है कि ग्रामीणों को आते देख आरोपित कंटेनरनुमा कार्यालय में बंद हो गए।
इधर कंपनी के पीओ राधाकांत सिंह ने पुलिस को दिए लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके कर्मियों के साथ स्थानीय कुछ लोगों ने मारपीट की है। इस दौरान वे लोग अपने को बचाने के लिए कंटेनरनुमा एक कमरे में कैद हो गए थे। सीसीटीवी कैमरे में सारी घटना का फुटेज कैद है, जिसकी जांच कर कार्रवाई की मांग की है
इस बाबत कतरास थानेदार प्रवीण कुमार ने कहा कि दोनों पक्ष की ओर से शिकायत मिली है। छानबीन कर अग्रतेर कार्रवाई की जाएगी।
मालूम हो कि ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण का कार्य जुडको कंपनी को मिला है। जुडको ने इस कार्य को विश्वराज नामक कंपनी को दिया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top