पूर्वी टुंडी के रामपुर-डोरवाडीह पथ से प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण
शांति समिति की बैठक के बाद थाना प्रभारी व अंचल सीआई ने चलाया अभियान
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के रामपुर-डोरवाडीह पथ पर ग्रामीणों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए बुधवार को थाना प्रभारी नीतीश कुमार एवं अंचल सीआई चंदन कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। ग्रामीणों द्वारा सड़क पर बालू, गिट्टी, ईंट आदि रखकर रास्ते को संकीर्ण कर दिया गया था, जिससे राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी। मंगलवार को आयोजित शांति समिति की बैठक में भी सड़क पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया गया था। इसके बाद पुलिस एवं अंचल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर रखी निर्माण सामग्री तथा अन्य अवरोधों को जेसीबी मशीन द्वारा हटाने की पहल की। ग्रामीणों द्वारा सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने के लिए टूटे हुए बिजली के खंभों का भी इस्तेमाल किया जा रहा था। इससे सड़क पर आवागमन बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क को अतिक्रमणमुक्त कर राहगीरों के लिए आवागमन सुगम बनाना है।