तिसरी के दवा दुकानदार रहस्यमय ढंग से लापता, रात 11:30 बजे बेटे को किया था फोन-कहा, सिर पर सटा है रिवॉल्वर

तिसरी के दवा दुकानदार रहस्यमय ढंग से लापता, रात 11:30 बजे बेटे को किया था फोन-कहा, सिर पर सटा है रिवॉल्वर

चंदवापहाड़ी के रास्ते पर मिली कार; अपहरण की आशंका से परेशान परिजन

डीजे न्यूज, तिसरी (गिरिडीह) : गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी बाजार निवासी दवा दुकानदार राजकुमार राम (60) मंगलवार शाम से रहस्यमय ढंग से लापता हैं। बुधवार सुबह पुलिस ने तिसरी के चंदवापहाड़ी गांव जाने वाले रास्ते से उनकी नेक्सन कार बरामद की है। परिजनों ने उनके अपहरण की आशंका जताई है। मंगलवार देर रात से ही पुलिस उनकी तलाश में जुटी है, लेकिन बुधवार शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। घटना के बाद से उनकी पत्नी, पुत्र और परिजन परेशान हैं। वहीं, तिसरी और चंदौरी इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

फोन कर बताई जान पर खतरे की बात

बताया जाता है कि राजकुमार राम की चंदौरी बाजार में दवा की दुकान है। वह प्रैक्टिस भी करते हैं। मंगलवार शाम को वह अपने चंदौरी स्थित घर से तिसरी जाने की बात कहकर कार से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित होने लगे। इसी बीच रात करीब साढ़े 11 बजे उन्होंने अपने पुत्र और अन्य लोगों को फोन कर बताया कि कुछ लोगों ने उनके सिर पर रिवॉल्वर सटा रखी है और उनकी जान को खतरा है। उन्होंने कई लोगों को फोन कर मदद की गुहार भी लगाई। हालांकि, किन्हीं कारणों से लोगों ने उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया।

बाद में देर रात राजकुमार राम के पुत्र ने तिसरी पुलिस को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शंभूनंद ईश्वर ने मामले को गंभीरता से लिया और पुलिस बल के साथ उनकी तलाश में निकल पड़े। हालांकि, लोकेशन का सही पता नहीं चल पाने के कारण उस समय उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

चंदवापहाड़ी के रास्ते से मिली कार

बुधवार सुबह पुलिस ने तिसरी के चंदवापहाड़ी जाने वाले रास्ते से राजकुमार राम की नेक्सन कार बरामद की। इसके बाद पुलिस ने आसपास के गांवों और जंगलों में उनकी तलाश तेज कर दी। गांव के लोग भी उनकी खोज में चंदवापहाड़ी की ओर गए। वहीं, उनकी पत्नी और पुत्र सगे-संबंधियों को फोन कर उनके बारे में जानकारी जुटाने में लगे रहे। इसके बावजूद बुधवार शाम तक राजकुमार राम का कहीं पता नहीं चल पाया था।

अवैध कारोबार से जोड़कर भी हो रही चर्चा

इधर, घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सूत्रों के अनुसार, तिसरी के चंदवापहाड़ी रास्ते से रात के समय तस्करी के लिए अवैध माइका ले जाए जाने की बात कही जाती है। इसी रास्ते से अवैध शराब की खेप बिहार ले जाकर तस्करी किए जाने की भी चर्चा है। कुछ लोग राजकुमार राम के लापता होने की घटना को इन गतिविधियों से जोड़कर भी देख रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि कहीं वह तस्करों के खिलाफ आवाज उठाने या किसी मामले को लेकर वहां तो नहीं गए थे। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है और न ही किसी संभावित कारण की आधिकारिक पुष्टि हुई है।

फिलहाल, तिसरी पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। राजकुमार राम की तलाश जारी है। उनके रहस्यमय ढंग से लापता होने से परिवार के साथ-साथ इलाके के लोगों की चिंता भी बढ़ गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top