ई-मेगा प्रोजेक्ट पर स्थिति स्पष्ट करें बीसीसीएल: विनोद गोस्वामी
जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए लड़ेंगे आर-पार की लड़ाई
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
‘कतरास-कोयलांचल बचाओ समिति’ के बैनर तले ई ब्लॉक मेगा प्रोजेक्ट रद्द करने एवं कतरास के अस्तित्व और रिहायशी बस्तियों की सुरक्षा को लेकर मंगलवार को वार्ड संख्या 03 में जनजागरण अभियान एवं जनसभा आयोजित की गई। अभियान का नेतृत्व करते हुए पूर्व पार्षद विनोद कुमार गोस्वामी ने बीसीसीएल (BCCL) प्रबंधन को चेतावनी दी कि कतरास, आकाशकिनारी से लेकर कुसुंडा तक (वार्ड 1 से 11) के दायरे में आने वाली घनी आबादी, दुकानों और रिहायशी मकानों के विस्थापन व पुनर्वास की स्थिति को प्रबंधन तुरंत जनता के बीच में आकर सार्वजनिक करे।
उन्होंने कहा कि कतरास के वार्ड 1 से 11 के अंतर्गत कतरास बाजार, पंचगढ़ी बाजार, रानी बाजार, छाताबाद, गुहीबांध, लेटाइल धौड़ा, बस स्टैंड क्षेत्र, छाताबाद, रानी बाजार, आकाशकिनारी बस्ती, रामकनाली, केशलपुर और अंगारपथरा, सिजुआ, लोयाबाद, कुसुंडा सीमांत क्षेत्र जैसी पीढ़ियों से बसी सघन बस्तियां आती हैं। इन तमाम घने रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों को खनन से पूरी तरह बाहर रखा जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस तरह 3 वर्षों तक ऐतिहासिक संघर्ष लड़कर डीसी रेल लाइन वापस ली गई थी, उसी चट्टानी एकता से कतरास की एक-एक इंच जमीन और अपना स्वाभिमान बचाएंगे।
चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा
समिति ने स्पष्ट किया कि यदि बीसीसीएल प्रबंधन ने शीघ्र स्थिति स्पष्ट नहीं की, तो कतरास से कुसुंडा तक घर-घर जाकर सघन हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद बीसीसीएल जीएम कार्यालय से लेकर कोयला भवन का ऐतिहासिक महाघेराव होगा और आवश्यकता पड़ने पर कोयला ढुलाई ठप कर संपूर्ण चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जवाबदेही बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की होगी।
जनजागरण अभियान के दौरान किशन पंडित, बैलून रवानी, बिट्टू शर्मा, चुन्नू खान, राजीव कुमार जायसवाल, अजय शर्मा, अशोक उरांव, चंदन चौहान, प्रमोद साव, चीना बावरी, प्रदीप कुमार, प्रदीप कुमार बाउरी, सूरज कुमार, सोल्जर कुमार, योगेंद्र कुमार भुईया, राजेश भुइयां, योगेंद्र भुईया, करण कुमार, ईश्वर भुइयां, चंचला देवी, मीरा देवी, पिंकी देवी, सोनिया देवी, लक्ष्मी देवी, संध्या देवी, जावा देवी सहित गुहीबांध, लेताल धौड़ा व आसपास के सैकड़ों स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।