बोकारो वेदांता प्लांट में जहरीली गैस लीक, डिगवाडीह के 25 वर्षीय इंजीनियर समीर अंसारी समेत दो की मौत

बोकारो वेदांता प्लांट में जहरीली गैस लीक, डिगवाडीह के 25 वर्षीय इंजीनियर समीर अंसारी समेत दो की मौत

इकलौते कमाऊ बेटे की मौत से परिवार में कोहराम, मुआवजे पर प्रबंधन से वार्ता जारी

डीजे न्यूज, झरिया, धनबाद : बोकारो स्थित वेदांता स्टील लिमिटेड प्लांट में रविवार को गैस की चपेट में आने से डिगवाडीह नंबर 10 निवासी इंजीनियर समीर अंसारी (25) की मौत हो गई। घटना में गोमिया निवासी एक अन्य युवक की भी मौत की सूचना है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि बाकी है।
जानकारी के अनुसार, प्लांट में काम के दौरान दो व्यक्ति गैस के संपर्क में आ गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतक समीर अंसारी डिगवाडीह निवासी नौशाद अंसारी के पुत्र थे। नौशाद रेडीमेड की दुकान चलाते हैं। समीर घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी एक बड़ी बहन है। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से मृतक के घर पर रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का तांता लगा है। पूरे डिगवाडीह क्षेत्र में शोक की लहर है।
घटना की सूचना पर पूर्व पार्षद आफताब आलम परिजनों के साथ प्लांट पहुंचे। वहां मृतक के परिजनों और प्लांट प्रबंधन के बीच मुआवजे को लेकर वार्ता चल रही है। बताया जा रहा है कि समझौता होने के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, उसके बाद शव डिगवाडीह लाया जाएगा। देर रात तक शव पहुंचने की संभावना है।
घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top