1821 कलशों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, भक्तिमय हुआ पचम्बा

1821 कलशों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, भक्तिमय हुआ पचम्बा

नर्मदा धाम से सार्वजनिक दुर्गा स्थान तक गूंजे मां दुर्गा के जयकारे, विधि-विधान से हुई कलश स्थापना*

डीजे न्यूज, गिरिडीह : पचम्बा सार्वजनिक दुर्गा स्थान में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ रविवार को भव्य मंगल कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। नर्मदा धाम से निकली इस शोभायात्रा में 1821 महिलाओं और युवतियों ने सिर पर कलश धारण कर हिस्सा लिया। गाजे-बाजे, भक्ति गीतों और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा पचम्बा भक्तिमय हो उठा। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं और युवतियों की भारी भागीदारी ने शोभायात्रा की भव्यता बढ़ा दी।

शोभायात्रा नर्मदा धाम से शुरू होकर बड़ा चौक पहुंची। यहां से श्रद्धालु बरतर काली मंडा पहुंचे और माता के दरबार में नमन किया। इसके बाद यात्रा रानी सती दादी मंदिर मार्ग होते हुए हटिया रोड से आगे बढ़ी और पचम्बा सार्वजनिक दुर्गा स्थान स्थित दुर्गा मंडप पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे रास्ते श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में लीन रहे और जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

शोभायात्रा के समापन के बाद सार्वजनिक दुर्गा स्थान में विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई। इसके साथ ही शारदीय नवरात्र की पूजा-अर्चना शुरू हो गई। 1821 महिलाओं और युवतियों की सहभागिता इस वर्ष के आयोजन का विशेष आकर्षण रही। श्रद्धालुओं में मां दुर्गा के प्रति आस्था, उत्साह और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

मौके पर समिति के अध्यक्ष संजय कंधवे, सचिव दीपक शाह, उपाध्यक्ष पवन, नरेंद्र सिंह कंधवे, धर्मेंद्र दुबे, प्रमोद कंधवे, कृष्ण बिहारी तरवे, संतोष साहू, रंजीत भदानी, विशाल मंडल सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top