नौ ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर पैदल देवघर जा रहे चेतन, चतरो में हुआ भव्य स्वागत

नौ ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर पैदल देवघर जा रहे चेतन, चतरो में हुआ भव्य स्वागत

सनातन धर्म की रक्षा और गोमाता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने का संदेश लेकर निकले हैं युवा श्रद्धालु

डीजे न्यूज, देवरी,गिरिडीह : मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के बाढ़ गंगा थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय चेतन सिंह ठाकुर बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के संकल्प के साथ पैदल यात्रा पर निकले हैं। रविवार को देवघर जाने के दौरान वे गिरिडीह जिले के देवरी प्रखंड स्थित चतरो बाजार पहुंचे, जहां स्थानीय शिव भक्तों ने उनका भव्य स्वागत किया।

चेतन सिंह ठाकुर ने बताया कि वे करीब एक वर्ष पूर्व अपने घर से बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के उद्देश्य से पैदल यात्रा पर निकले थे। अब तक वे नौ ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं। उनकी यात्रा का अगला पड़ाव देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम है, जहां वे भगवान भोलेनाथ के दर्शन करेंगे। इसके बाद वे जगन्नाथ पुरी के लिए रवाना होंगे।

उन्होंने बताया कि इस पैदल यात्रा का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म की रक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना और गोमाता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग को सरकार तक पहुंचाना है। अपनी आस्था और संकल्प के साथ वे लगातार यात्रा कर रहे हैं।

चतरो बाजार में स्थानीय शिव भक्तों ने चेतन का स्वागत कर उनकी यात्रा के प्रति सम्मान प्रकट किया। उनकी इस धार्मिक यात्रा को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top