हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, पूजा पंडालों में सीसीटीवी अनिवार्य
टुंडी थाना परिसर में दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, अवैध शराब की बिक्री पर रोक और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठी मांग
डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को टुंडी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी नाजीर अख्तर ने की, जबकि संचालन थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रामजी राय ने किया। बैठक में दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने त्योहार के दौरान क्षेत्र के लाइन होटलों में शराब की बिक्री पर रोक लगाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, प्रमुख स्थानों एवं बाजार क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने तथा पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठाई।
डीएसपी ने दिए सुरक्षा के निर्देश
डीएसपी नाजीर अख्तर ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान हुड़दंगियों, शराबियों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। उन्होंने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था करने तथा डीजे पर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी तरह की अफवाह से सतर्क रहने और ऐसी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचित करने की अपील की।
शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील
बीडीओ विशाल कुमार पांडेय ने पूजा और विसर्जन के दौरान शांति बनाए रखने तथा प्रशासन को सहयोग करने की अपील की। वहीं, सीओ सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने कहा कि दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह तैयार हैं।
थाना प्रभारी रामजी राय ने कहा कि पूजा पंडालों में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही नियमित गश्त की जाएगी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
ये लोग थे मौजूद
बैठक में अवर निरीक्षक रूपेश दुबे, सिकंदर हेंब्रम, अघनु मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक राजेश सिंह, भाजपा नेता बाबा गोपाल पांडेय, समाजसेवी निमाय सिंह, नीलमोहन मिश्रा, विजय चौधरी, भाजपा नेता मनीष साव, मुखिया विजय मंडल, जयनारायण मंडल, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष फूलचंद किस्कू, भाजपा नेता राजेश सिंह, गुरचरण बास्की, प्रवीण जायसवाल, शंकर प्रजापति, संतोष राय, मनोज पाठक, अनवर अंसारी, अकरम हुसैन, तिलक मंडल और प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।