राजपुरा-पत्थरकुदवा मोड़ सड़क निर्माण की जगी उम्मीद, सांसद ने की अनुशंसा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : पीरटांड़ प्रखंड के राजपुरा गांव से पत्थरकुदवा मोड़ तक करीब 2.5 किलोमीटर सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है। गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने इस सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कराने की अनुशंसा की है। इस संबंध में उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग, झारखंड के सचिव को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है।
सांसद ने पत्र में बताया है कि पीरटांड़ प्रखंड के जनप्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर आवेदन दिया था। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण की दिशा में पहल करने की अनुशंसा की है।
ग्रामीण ओमप्रकाश महतो ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी। इसी समस्या को लेकर सांसद से शिकायत की गई थी। इसके बाद सड़क निर्माण की अनुशंसा की गई है।
अब ग्रामीणों की नजर विभागीय कार्रवाई पर टिकी है। सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।