समय पर स्कूल पहुंचने वाले बच्चों को मिला सम्मान, माला पहनाकर बढ़ाया हौसला

समय पर स्कूल पहुंचने वाले बच्चों को मिला सम्मान, माला पहनाकर बढ़ाया हौसला

उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिकरुडीह में प्रोजेक्ट इंपैक्ट के तहत पहल, नियमित उपस्थिति को मिलेगा बढ़ावा

डीजे न्यूज, देवरी, गिरिडीह : प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिकरुडीह में शनिवार को प्रोजेक्ट इंपैक्ट गतिविधि के तहत नियमित रूप से स्कूल आने वाले और पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। प्रातःकालीन सभा में बच्चों को माला पहनाकर और टॉफी देकर प्रोत्साहित किया गया।

समय पर स्कूल पहुंचने और नियमित उपस्थिति के लिए स्वीटी कुमारी, साजन कुमार, सोहनी कुमारी और दीपिका कुमारी को सम्मानित किया गया। वहीं, 20 तक पहाड़ा सुनाने के लिए गौतम कुमार, दिव्या कुमारी और मनीष कुमार को विद्यालय परिवार ने सम्मान दिया।

प्रधानाध्यापक पप्पू कुमार ने कहा कि प्रोजेक्ट इंपैक्ट और प्रयास कार्यक्रम के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अन्य बच्चों को भी स्कूल आने के लिए प्रेरित करना तथा उनकी नियमित उपस्थिति और विद्यालय में ठहराव सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि अगली अभिभावक-शिक्षक बैठक में सम्मानित बच्चों के माता-पिता को भी सम्मानित किया जाएगा। प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों से अर्द्धवार्षिक परीक्षा में सभी बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित कराने, उन्हें नियमित स्कूल भेजने और घर पर पढ़ाई के लिए प्रेरित करने की अपील की।

मौके पर बाल संसद के सदस्यों सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top