राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए गिरिडीह में खिलाड़ियों की टक्कर, 11 जिलों की टीमें मैदान में

राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए गिरिडीह में खिलाड़ियों की टक्कर, 11 जिलों की टीमें मैदान में

9वीं झारखंड राज्य सीनियर सेपक टकरा प्रतियोगिता शुरू, रेगु, क्वाड और टीम इवेंट में दिखा दमखम

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह के इंडोर स्टेडियम में शनिवार को 9वीं झारखंड राज्य सीनियर सेपक टकरा प्रतियोगिता का आगाज हुआ। झारखंड सेपक टकरा एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के 11 जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम दिखा रहे हैं।

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य राज्य में सेपक टकरा खेल को बढ़ावा देने के साथ नई प्रतिभाओं को सामने लाना और राष्ट्रीय स्तर के लिए योग्य खिलाड़ियों का चयन करना है।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य नरेश वर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की अपील की। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

मौके पर आजसू के जिला अध्यक्ष गुड्डू यादव, सेपक टकरा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह और जिला एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

एसोसिएशन के टेक्निकल अध्यक्ष अमरेंद्र दत्त द्विवेदी ने खेल के नियमों, तकनीकी पहलुओं और रेगु, क्वाड व टीम इवेंट की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का महत्वपूर्ण अवसर देती हैं।

कार्यक्रम में मुन्ना प्रसाद कुशवाहा, शबाना प्रवीण, नुरुल होदा, युगल किशोर महतो, अली राजा, नरेश कुमार, प्रीति भास्कर सहित कई खेल प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top