कतरास के अस्तित्व को बचाने को बनी रणनीति, एकजुटता के साथ संघर्ष करने का लिया संकल्प
विधायक मथुरा बोले-समस्याओं को उचित प्लेटफार्म पर रखेंगे, होगा निराकरण
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): कतरास कोयलांचल बचाओ समिति की बैठक शनिवार को सिजुआ स्थित कतरास क्लब में हुई। बैठक में भू धंसान, मेगा ई प्रोजेक्ट, जनहित से जुड़े मुद्दों और कतरास कोयलांचल के अस्तित्व को बचाने की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान कतरास क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं, विस्थापन और स्थानीय लोगों के अधिकारों पर जोर देते हुए एकजुटता के साथ संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि कतरास की सुरक्षा और यहां के नागरिकों के भविष्य को लेकर ठोस पहल की आवश्यकता है। केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने होंगे।
लोगों की समस्याओं और मांगों को सुनने के बाद बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने आश्वासन दिया कि वे संबंधित उच्चाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और कतरास की समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उठाए गए मुद्दों को उचित स्तर पर रखा जाएगा, ताकि उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में लोगों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित हो, प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान हो और विकास से जुड़े फैसलों में स्थानीय नागरिकों के हितों को प्राथमिकता दी जाए।
वियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा ने मामले पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि मेगा प्रोजेक्ट से कॉलेज, स्कूल और बच्चों के भविष्य अंधकार में जाएगा। बीसीसीएल का किसी तरह के पास कोई प्लानिंग नहीं है।
मौके पर पार्षद छोटू सिंह ,पार्षद निरुपमा देवी,शहाबुद्दीन अंसारी, प्रभात मिश्रा ,विनय सिंह, चंद्रभान प्रसाद, सुमित महतो आदि मौजूद थे।