डुमरी में अवैध शराब के अड्डों पर छापा, 300 लीटर शराब जब्त; 45 क्विंटल जावा महुआ नष्ट
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को डुमरी थाना क्षेत्र के बेलदारी टोला में छापेमारी कर करीब 300 लीटर तैयार महुआ चुलाई शराब जब्त की गई। वहीं, शराब बनाने के लिए अलग-अलग बर्तनों, ड्रमों और डिब्बों में छिपाकर रखा गया 4,500 किलोग्राम जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अधीक्षक उत्पाद के दिशा-निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने डुमरी पुलिस के सहयोग से बेलदारी टोला स्थित अवैध शराब की भट्ठियों और अड्डों पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब की भट्ठियों से तैयार शराब बरामद की गई। साथ ही शराब निर्माण में इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया जावा महुआ भी नष्ट किया गया। विभाग अब इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटा है। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार और महेश कुमार दास के अलावा डुमरी थाना के पुलिसकर्मी तथा गृहरक्षा वाहिनी के सशस्त्र जवान शामिल थे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।