SIR में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करें बीएलओ : डीसी

SIR में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करें बीएलओ : डीसी

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान SIR-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने पीरटांड़ और डुमरी प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित मेगा हेल्प डेस्क कैंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, दस्तावेजों के सत्यापन और मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में डीसी ने पीरटांड़ के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मांझीडीह स्थित बूथ संख्या 281 और उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरलाडीह स्थित बूथ संख्या 280 का जायजा लिया। वहीं, डुमरी के उत्क्रमित मध्य विद्यालय छछंदो स्थित बूथ संख्या 83 एवं 84 तथा पंचायत भवन चैनपुर स्थित बूथ संख्या 72 पर भी पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की।

जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप के साथ BLO-BLA-2 की चौथी बैठक और चौथी चुनाव पाठशाला आयोजित की गई। इन बैठकों में लंबित मामलों के निपटारे, नए मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूची में सुधार पर चर्चा की गई।

**नोटिस वाले मतदाताओं को मिलेगी मदद**

डीसी ने No Mapping और Anomalies के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले पात्र मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया। जिन मतदाताओं को अपने या माता-पिता के जन्मस्थान से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है, उनके मामलों का नियमानुसार रिकॉर्ड तैयार करने को कहा गया।

**18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं पर फोकस**

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र युवाओं की पहचान कर प्रपत्र-6 के माध्यम से पंजीकरण कराने पर जोर दिया गया। प्रारूप मतदाता सूची में नाम नहीं होने वाले पात्र प्रवासी मतदाताओं को भी चिह्नित कर आवेदन की प्रक्रिया में सहायता देने का निर्देश दिया गया।

**गलतियों के सुधार के लिए प्रपत्र-8**

मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण गलत होने पर प्रपत्र-8 के जरिए सुधार की कार्रवाई करने को कहा गया। डीसी ने दावे-आपत्तियों, नोटिस के जवाब तथा प्रपत्र-6 और प्रपत्र-8 से संबंधित मामलों का अद्यतन रिकॉर्ड रखने और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए आवश्यक है। जिला प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे नए पंजीकरण, दस्तावेज सत्यापन और विवरणों में सुधार के लिए अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क करें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top