त्योहारों में बिजली गुल हुई तो बढ़ेगी परेशानी, कोयलांचल चैंबर ने समय रहते मरम्मत की उठाई मांग
डीजे न्यूज, गिरिडीह : दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व को लेकर शहर की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग तेज हो गई है। कोयलांचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने विद्युत विभाग से त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समय रहते जरूरी तैयारियां पूरी करने का आग्रह किया है।
इस संबंध में चैंबर ने महाप्रबंधक-सह-मुख्य अभियंता, विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, गिरिडीह से आवश्यक मेंटेनेंस कार्य त्योहारों से पहले पूरा कराने की मांग की है। साथ ही जर्जर तारों, खराब उपकरणों और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी तकनीकी खामियों को दुरुस्त करने पर जोर दिया है।
चैंबर ने आपातकालीन बिजली शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए भी प्रभावी व्यवस्था बनाने का आग्रह किया है। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़, दुकानों की गतिविधियों और पूजा आयोजनों को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति को महत्वपूर्ण बताया गया है।
चैंबर का मानना है कि समय रहते मरम्मत और रखरखाव का काम पूरा होने से त्योहारों के दौरान बिजली संबंधी समस्याओं से बचा जा सकता है। संगठन ने विद्युत विभाग से जनहित में आवश्यक कदम उठाने की अपील की है, ताकि लोग बिना किसी बाधा के त्योहार मना सकें।