डिग्री कॉलेज टुंडी में युवा संवाद मेला, विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया नशा मुक्ति का संदेश
NSS यूनिट-1 का अनोखा अभियान, कॉलेज से चरक कला गांव तक गूंजा- नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो
डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : डिग्री कॉलेज टुंडी, धनबाद में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) यूनिट–1 के तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत युवा संवाद मेला—नशा मुक्त युवा, विकसित भारत कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण का उद्घाटन महाविद्यालय के बिरसा मुंडा सभागार में किया गया। इस अवसर पर श्री विनोद बिहारी महतो के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का परिचय एवं विषय-वस्तु पर प्रकाश NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रानी सिंह ने डाला।
मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विजय कुमार वर्मा, चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टुंडी और विशिष्ट अतिथि श्रीमती आशा मुर्मू, मुखिया, जातखूंटी पंचायत उपस्थित रहीं। दोनों ने युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।
भौतिक विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. प्रीतम सिंह एवं भूगोल विभाग के प्रोफेसर मुकेश कुमार दास ने नशा मुक्ति विषय पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इतिहास विभाग के प्रोफेसर अविनाश कुमार ने की।
इस दौरान विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति से संबंधित पोस्टर एवं मॉडल प्रस्तुत किए। दूसरे चरण में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी चरक कला गांव पहुंचे और नुक्कड़ नाटक व नारों नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो, नशामुक्त युवा-विकसित भारत के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को जागरूक किया।