एसआईआर कार्य को लेकर बीडीओ ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद : एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य को लेकर शुक्रवार को पूर्वी टुंडी प्रखंड कार्यालय में बीडीओ बाल किशोर महतो की अध्यक्षता में प्रखंड के सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान बीडीओ बाल किशोर महतो ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय स्थापित कर एसआईआर कार्य में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने स्तर पर बीएलओ को आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि एसआईआर कार्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो और कार्य को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके। बैठक में प्रखंड प्रमुख बहाली मरांडी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष गिरिलाल किस्कू, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष भीमलाल भंडारी, आजसू प्रखंड अध्यक्ष काजल कुमार,हरिपद मरांडी, अजीत मिश्रा, दिनेश रजक समेत कई बीएलओ सुपरवाइजर मौजूद थे।