तीन साल से तैयार खुखरा डिग्री कॉलेज, अब संचालन शुरू कराने की उठी मांग

तीन साल से तैयार खुखरा डिग्री कॉलेज, अब संचालन शुरू कराने की उठी मांग

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड के खुखरा में करीब तीन वर्ष से बनकर तैयार डिग्री कॉलेज का संचालन अब तक शुरू नहीं होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। कॉलेज का संचालन जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर आम आवाम विकास मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश महतो ने राज्यपाल से मुलाकात कर आवेदन सौंपा।

आवेदन के माध्यम से उन्होंने कॉलेज संचालन में हो रही देरी की ओर राज्यपाल का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि कॉलेज शुरू नहीं होने के कारण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है। विशेषकर ग्रामीण और गरीब परिवारों के विद्यार्थियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

आवेदन में कहा गया है कि उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को करीब 60 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ती है। इससे उनका समय और आर्थिक संसाधन दोनों खर्च हो रहे हैं।

ओमप्रकाश महतो ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर खुखरा डिग्री कॉलेज का संचालन जल्द शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कॉलेज शुरू होने से पीरटांड़ के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top