तिसरी में माले का शक्ति प्रदर्शन, भाजपा और झामुमो के दो सौ से अधिक समर्थकों ने थामा पार्टी का दामन

तिसरी में माले का शक्ति प्रदर्शन, भाजपा और झामुमो के दो सौ से अधिक समर्थकों ने थामा पार्टी का दामन

डीजे न्यूज, तिसरी, गिरिडीह : तिसरी प्रखंड के बरदौनी गांव में गुरुवार को भाकपा माले की ओर से मजदूर-किसान मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजकुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान पार्टी संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक संगठन की पहुंच बनाने पर जोर दिया गया।

समारोह में बरदौनी, पनियाय, असनातरी समेत आसपास के गांवों के 200 से अधिक महिला-पुरुष और युवाओं ने झामुमो व भाजपा छोड़कर भाकपा माले की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने सभी का माला पहनाकर स्वागत किया।

पार्टी में शामिल हुए लोगों ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार और क्षेत्र के सांसद ने क्षेत्र की जनता को ठगने का काम किया है। वहीं, राजकुमार यादव ने एसआईआर के तहत आदिवासी, दलित एवं अन्य मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में नहीं जोड़े गए तो भाकपा माले आंदोलन करेगी।

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में हुए चुनावों में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता माले नेता जागो मरांडी ने की, जबकि संचालन तेलंगाना मुर्मू ने किया। मौके पर जयनारायण यादव, मुन्ना मिस्त्री, मंटू शर्मा, रामजीत मुर्मू, जागो मरांडी, लालो राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top