राजनीतिक दलों को ‘मेगा हेल्प डेस्क कैंप’ की दी जानकारी
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद विधानसभा के ईआरओ सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने गुरुवार को ‘मेगा हेल्प डेस्क कैंप’ के संदर्भ में सभी राजनीतिक दलों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को कैंप को लेकर आवश्यक जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आगामी 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर एक दिवसीय “मेगा हेल्प डेस्क कैंप” का आयोजन किया जाएगा। कैंप के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ तथा बीएलए-2 की चौथी बैठक और ‘चुनाव पाठशाला’ का आयोजन किया जाएगा। साथ में एसआईआर-2026 के दौरान ‘नो मैपिंग’ या अन्य विसंगतियों के चलते जिन पात्र मतदाताओं को नोटिस दिया गया था और जिन्होंने अब तक कागजात जमा नहीं किए हैं, उन्हें दस्तावेज सत्यापन व प्रक्रिया पूरी करने का मार्गदर्शन दिया जाएगा।
साथ में बताया कि कैंप” में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे युवा जो अब तक मतदाता नहीं बने हैं, उनसे प्रपत्र-6 भरवाकर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे प्रवासी नागरिक जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, उनसे भी प्रपत्र-6 प्राप्त कर नाम दर्ज किया जाएगा। साथ ही मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य प्रविष्टियों में सुधार के लिए तथा त्रुटियों के कारण निर्गत नोटिस के निराकरण हेतु मतदाताओं से प्रपत्र-8 प्राप्त किए जाएंगे।