अनाथ विद्यालय पोखरिया के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : लायंस क्लब ऑफ गोविंदपुर की ओर से आयोजित सेवा सप्ताह के तहत मंगलवार को पूर्वी टुंडी प्रखंड के पोखरिया स्थित अनाथ विद्यालय में बच्चों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव गौरव ने विद्यालय के बच्चों की स्वास्थ्य जांच की। जांच के दौरान अधिकतर बच्चों में खुजली, कान दर्द और खांसी जैसी समस्याएं पाई गईं। चिकित्सक ने बच्चों की जांच कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। इस दौरान बच्चों के बीच फलों का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक मथुरा प्रसाद महतो, धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, झामुमो नेता अजीत मिश्रा, प्रखंड अध्यक्ष गिरिलाल किस्कू, अनुराग कुमार एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य एवं देखभाल के प्रति सेवा भावना का संदेश दिया गया तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए बच्चों को आवश्यक टिप्स दिए गए।