रेलवे ट्रैक पर मिला विवाहिता का शव, हत्या कर शव फेंकने का ससुरालवालों पर आरोप
पुलिस से शिकायत के बाद ससुराल के लोग फरार, दहेज और अवैध संबंध में बाधा बनने पर हत्या की कही बात
डीजे न्यूज, गिरिडीह : निमियाघाट थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान गट्टीगढ़ा गांव निवासी किरण देवी के रूप में हुई है। विवाहिता का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है।
मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के पूरे परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर किरण के साथ लगातार विवाद किया जा रहा था और विरोध करने पर उसकी हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया।
किरण देवी को तीन साल का एक बच्चा भी है। मायके पक्ष के अनुसार, किरण की शादी के बाद से ही दहेज को लेकर उसे कथित तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके पति महेश ठाकुर, जो पेशे से ड्राइवर है, का एक महिला के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध थे। इसी बात का किरण द्वारा विरोध किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया। परिजनों का आरोप है कि विरोध करने पर किरण के साथ मारपीट की गई और उसकी हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग निमियाघाट थाना पहुंचे और आवेदन देकर पति समेत ससुराल के पूरे परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी पति समेत परिवार के अन्य सदस्य घर से फरार हैं। मृतका के मामा पंकज शर्मा ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।