लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की लड़ाई को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर
पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक हुई। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सुरेंद्र सिंह भी शामिल हुए। इस दौरान पिछले माह संगठन की ओर से किए गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी पंचायत चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पहले की अपेक्षा जिला कांग्रेस संगठन काफी सशक्त और मजबूत हुआ है। अभी भाजपा जिस तरह से लोकतंत्र की हत्या करने में लगी है, निश्चित रूप से कांग्रेस पार्टी मजबूती से लोकतंत्र को बचाने के लिए खड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मतदाताओं के अधिकार को बचाने के लिए सजग रहने की जरूरत है। बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि पार्टी लगातार चुनाव आयोग द्वारा किए जा रहे जनविरोधी कार्यों के खिलाफ खड़ी है। आगामी चुनाव को देखते हुए संगठन को अभी से तैयारी करनी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर मजबूती के साथ जनसमस्याओं के समाधान के लिए खड़ा रहे और आगामी पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट जाए। इसके लिए जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को कई टिप्स भी दिए। बैठक में तमाम प्रखंड अध्यक्ष और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्य रूप से मो. शमीम, अशोक विश्वकर्मा, विमल सिंह, मोहम्मद अली खान, मनोज राय, नागेश्वर मंडल, निजामुद्दीन अंसारी, अभिनंदन प्रताप सिंह, मोतीलाल शास्त्री, मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद अख्तर, मोहम्मद ओवैस, मोहम्मद जुनैद, अहमद राजा नूरी, रघुनंदन प्रसाद सिंह एवं सभी प्रमुख कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।