अवैध पार्किंग व कागजात विहीन वाहनों पर लगाया 1.26 लाख जुर्माना, एक वाहन जब्त
डीजे न्यूज, धनबाद: सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय ने मंगलवार को बरमसिया स्थित एफसीआई गोदाम के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े पाए गए 4 वाहनों एवं आवश्यक कागजात प्रस्तुत न कर पाने वाले 12 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1 लाख 26 हजार रुपये का चालान काटा गया। साथ ही, गंभीर अनियमितता पाए जाने पर एक वाहन को जब्त कर मनियाडीह ओ.पी. के सुपुर्द किया गया।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि सड़क किनारे बेतरतीब और अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के कारण लगातार यातायात बाधित हो रहा था एवं दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती थी। इसे गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग की टीम ने यह त्वरित कार्रवाई की है।
जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्य सड़कों पर अवैध पार्किंग से आम नागरिकों की जान-माल के लिए बड़ा खतरा है। कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध यह विशेष जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
जांच अभियान में मोटरयान निरीक्षक हरीश कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अमरेश कुमार, आईटी सहायक देवेन्द्र कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।