आमजनों और फरियादियों की समस्याओं से अवगत हुए डीसी

आमजनों और फरियादियों की समस्याओं से अवगत हुए डीसी

डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मंगलवार को ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में आम नागरिकों और फरियादियों ने भाग लिया।

जनता दरबार में लगभग 100 से अधिक लोग अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें लेकर उपस्थित हुए। उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान की दिशा में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।

जनता दरबार में भू-माफिया द्वारा जबरन कब्जा करके जमीन हड़पने, दोहरी जमाबंदी में सुधार करने, लंबित राशन कार्ड को लाल कार्ड में परिवर्तित करने, भू-माफियाओं द्वारा जमीन का अतिक्रमण करने, सड़क निर्माण में अनियमितता बरतने, जालसाजी कर पुश्तैनी जमीन की अवैध बिक्री करने सहित अन्य मामले प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने सभी मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया।

उपायुक्त ने बताया कि जनता दरबार में बीमा राशि के भुगतान हेतु लंबित मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने, दिव्यांग पेंशन एवं वर्षों से अटकी पारिवारिक पेंशन से जुड़े मामले, राशन कार्ड में संशोधन या त्रुटि में सुधार, गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना अंतर्गत चिकित्सा सहायता लाभ दिलाना सहित अन्य मामले आए। ऐसे सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर अलग कर उसी दिन या अगले जनता दरबार से पहले हर हाल में निष्पादित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया है। ताकि जनता का प्रशासन और सरकार की कार्यशैली पर विश्वास बना रहे।

जबकि भूमि विवाद, पुलिस प्राथमिकी, जांच एवं आपसी विवादों से जुड़े ऐसे मामले जिनमें विस्तृत अनुसंधान और कानूनी प्रक्रिया की आवश्यकता होती है, उन्हें विशेष मॉनिटरिंग डैशबोर्ड के माध्यम से ट्रैक किया जा रहा है। इन मामलों में भी समयबद्ध निष्पादन हेतु संबंधित अंचल और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

उन्होंने कहा कि जनता दरबार के निर्धारित दिन के अलावा भी सप्ताह के अन्य छह दिन जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके निराकरण का पूरा प्रयास किया जाता है। ब्लॉक व अंचल स्तर पर भी व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है ताकि लोगों को मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और उनके उचित हक का लाभ उन्हें समय पर मिल सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top