दुर्गा पूजा में सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्ती : एसडीपीओ
डीजे न्यूज, डुमरी,गिरिडीह : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को डुमरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ आबिद खान ने की, जबकि संचालन थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार ने किया।
बैठक में एसडीपीओ ने दोनों समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने डीजे नहीं बजाने, शराब का सेवन नहीं करने, अफवाहों से दूर रहने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं को प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
पूजा समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, फायर सेफ्टी के उपकरण रखने तथा स्वयंसेवकों का चयन कर उनकी सूची थाना में जमा करने का निर्देश दिया गया। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में इंस्पेक्टर राजेन्द्र प्रसाद, झामुमो नेता बरकत अली, राजकुमार पांडेय, रितलाल मंडल, जामतारा दुर्गा पूजा समिति अध्यक्ष प्रशांत जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि बीएन महतो, आजसू विधानसभा प्रभारी यशोदा देवी, आजसू नेता छक्कन महतो, बीस सूत्री अध्यक्ष डेगलाल महतो, डुमरी दुर्गा पूजा समिति अध्यक्ष गोपी मंडल, निर्मल जायसवाल सहित दोनों समुदायों के कई गणमान्य लोग मौजूद थे।