भाकपा माले का दो मोर्चे पर आंदोलन का ऐलान 

भाकपा माले का दो मोर्चे पर आंदोलन का ऐलान

छह को चुनाव आयुक्त के खिलाफ झंडा मैदान में धरना, सात से बालमुकुंद फैक्ट्री गेट पर अनिश्चितकालीन प्रदर्शन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भाकपा माले गिरिडीह और गांडेय विधानसभा जिला कमेटी की बैठक महुआटांड़ स्थित प्रखंड कार्यालय में हुई। जिला सचिव अशोक पासवान और किसान नेता पूरन महतो के नेतृत्व में हुई बैठक में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन और बालमुकुंद फैक्ट्री के मजदूरों की मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया।जिला सचिव अशोक पासवान ने कहा कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन के तहत 6 अक्टूबर को गिरिडीह के झंडा मैदान में धरना दिया जाएगा। इसके बाद नगर भ्रमण करते हुए अंबेडकर चौक पर कार्यक्रम का समापन होगा। इसमें माले के नेता-कार्यकर्ता और इंडिया गठबंधन के सहयोगियों से शामिल होने की अपील की गई है।किसान नेता पूरन महतो ने भाजपा पर वोट चोरी का अभियान चलाने का आरोप लगाया। वहीं माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता जरूरी है।बैठक में 7 अक्टूबर से बालमुकुंद फैक्ट्री के गेट पर अनिश्चितकालीन धरना देने पर भी सहमति बनी। मजदूर नेता कन्हाई पांडेय ने आरोप लगाया कि पूर्व में आंदोलन और प्रशासनिक जांच के आश्वासन के बावजूद मजदूरों को काम पर नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।बैठक में मसूदन कोल, नागेश्वर महतो, सलामत अंसारी, रामलाल मुर्मू और शेखर सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top