एक सप्ताह से लापता शुभम का शव वाटरफॉल में मिला
घर से काम के लिए निकला था, परिजनों में मचा कोहराम
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हुंडी रोड भोरडीहा निवासी 28 वर्षीय शुभम कुमार साव का शव करीब एक सप्ताह बाद बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुभम 27 सितंबर को घर से काम करने के लिए निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था। अब मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के वाटरफॉल के समीप पत्थरों के बीच उसका शव बरामद किए जाने की सूचना सामने आई है।
परिजनों के अनुसार, शुभम कुमार साव 27 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे घर से खाना खाकर मोटरसाइकिल से गादी जिरामपुर स्थित श्री कृष्णा इंटरप्राइजेज में काम करने के लिए निकला था। काम समाप्त होने के बाद वह घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। शुभम के पिता किशोर प्रसाद गुप्ता ने मुफ्फसिल थाना में लिखित आवेदन देकर बेटे के लापता होने की सूचना दी थी। आवेदन में बताया गया था कि शुभम घर से निकलते समय होंडा साइन मोटरसाइकिल लेकर गया था। उसकी लंबाई करीब पांच फीट दो इंच बताई गई थी। घर से निकलते समय उसने ब्राउन रंग की टी-शर्ट, जींस और जूते पहन रखे थे। परिजनों ने बताया कि युवक के अचानक लापता होने के बाद परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। करीब एक सप्ताह बाद वाटरफॉल के समीप पत्थरों के बीच शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। शव बरामद होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।