लालपुल के हार्ड कोक भट्ठा में छापेमारी, कोयला लदी हाइवा जब्त
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी कोलियरी स्थित लालपुल के पास संचालित एक हार्ड कोक भट्ठा में शनिवार को सिंदरी के एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी की। अवैध कोयले की खरीद-बिक्री की सूचना पर की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कोयला लदी एक हाइवा को जब्त कर जोरापोखर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने कोयले की श्रेणी की जांच कराने का निर्देश दिया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि लालपुल स्थित हार्ड कोक भट्ठा में अवैध कोयले का कारोबार किया जा रहा है। इसके बाद सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में जोडापोखर, पाथरडीह और सुदामडीह थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से भट्ठा में छापेमारी की। इस दौरान कोयला लदी हाइवा के अलावा भट्ठा में रखे कोयले के स्टॉक, लाइसेंस और अन्य संबंधित कागजातों की जांच की गई।
एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि कोयला लदी हाइवा के कागजातों की जांच की गई है। कोयले के चालान में थोड़ा अंतर दिखाई देने के कारण कोयले की ग्रेड की जांच कराने के लिए हाइवा को कब्जे में लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर हार्ड कोक भट्ठा के प्रबंधक धीरज सिंह ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस रूटीन जांच के लिए भट्ठा पहुंची थी। इस दौरान भट्ठा के लाइसेंस, स्टोरेज, कोयला स्टॉक और अन्य संबंधित कागजातों की जांच की गई।
प्रबंधक के अनुसार डीएसपी ने जांच में सभी कागजात सही पाए थे। उन्होंने दावा किया कि कोयला लदी हाइवा के सभी कागजात भी पुलिस को सौंप दिए गए थे।
धीरज सिंह ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद कोयले की ग्रेड की जांच के नाम पर हाइवा को जब्त कर लिया गया, जो अनुचित है।
फिलहाल, कोयले की ग्रेड और चालान से संबंधित अंतर की जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।