फोटोग्राफर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बनें मनीष शाह

फोटोग्राफर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बनें मनीष शाह

रंजीत जायसवाल सचिव और प्रकाश कुमार को कोषाध्यक्ष का ताज

डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद डिस्ट्रिक्ट फोटोग्राफर्स ट्रेड एसोसिएशन  के द्विवार्षिक चुनाव सत्र 2026-28 में मनीष शाह को निर्विरोध अध्यक्ष, रंजीत जायसवाल को सचिव और प्रकाश कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया। शुक्रवार को बैंक मोड़ स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स हॉल में आयोजित वार्षिक आमसभा सह चुनाव में एसोसिएशन के सदस्यों ने नए पदाधिकारियों का चयन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुई। चुनाव में अध्यक्ष पद पर मनीष शाह के नाम पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई और उन्हें निर्विरोध निर्वाचित किया।
सचिव पद के लिए रंजीत जायसवाल (सदस्य संख्या-93) और सूरज कुमार रवानी के बीच मुकाबला हुआ। इसमें रंजीत जायसवाल ने 65 मत प्राप्त कर सूरज कुमार रवानी को 29 मतों के अंतर से पराजित किया। सूरज कुमार रवानी को 36 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर प्रकाश कुमार (सदस्य संख्या-84) ने 80 मत हासिल कर ब्रजेश कुमार झा को 59 मतों के अंतर से हराया। ब्रजेश कुमार झा को 21 मत मिले। एसोसिएशन के सदस्यों ने नए पदाधिकारियों से संगठन की एकता, हितों की रक्षा और विकास के लिए काम करने की अपेक्षा जताई।
चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने में चुनाव पर्यवेक्षक अभिजीत भट्टाचार्य, मृत्युंजय प्रसाद, सुभाष सरावगी एवं संजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर  डीडीपी टीए के पूर्व अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह तथा बीएमसीसी के पदाधिकारी प्रमोद कुमार गोयल और लोकेश अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनीष शाह, सचिव रंजीत जायसवाल और कोषाध्यक्ष प्रकाश कुमार को प्रमाण-पत्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। सदस्यों ने तालियों के साथ नए नेतृत्व का स्वागत किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top