टेंडर प्रक्रिया, खर्च और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर आजसू छात्र संघ ने उठाए सवाल
डीजे न्यूज, धनबाद: आजसू छात्र संघ की ओर से शुक्रवार को विश्वविद्यालय प्रबंधन की कार्यशैली, टेंडर प्रक्रिया, प्रशासनिक एवं वित्तीय पारदर्शिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से कई बिंदुओं पर स्पष्ट जवाब और संबंधित अभिलेख सार्वजनिक करने की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय में होने वाली प्रत्येक प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रक्रिया नियमों के अनुरूप और पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए, क्योंकि इन प्रक्रियाओं का सीधा संबंध विश्वविद्यालय के संसाधनों और विद्यार्थियों के हितों से है।
आजसू छात्र संघ ने आउटसोर्सिंग मैनपावर टेंडर में एम एस एम इ इकाइयों को मिलने वाली निर्धारित छूट के प्रावधान को लागू किए जाने की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि यदि नियमों के तहत एम एस एम इ को कोई छूट निर्धारित है, तो उसका स्पष्ट रूप से पालन किया जाना चाहिए। साथ ही टेंडर प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबित न रखते हुए जल्द पूरा करने तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई।
सीनेट बैठक के दौरान लेदर बैग, भोजन एवं अन्य मदों में हुए खर्च को लेकर भी सवाल उठाए गए। संघ ने मांग की कि बैठक में हुए सभी खर्चों का मदवार एवं पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए, ताकि विश्वविद्यालय के वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता बनी रहे। संगठन ने कहा कि यदि किसी खर्च या प्रक्रिया को लेकर शिकायत अथवा अनियमितता के आरोप सामने आए हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
संगठन ने विश्वविद्यालय में लगातार शॉर्ट कोटेशन के माध्यम से होने वाले खर्चों को लेकर भी सवाल उठाया। आजसू छात्र संघ ने मांग की कि ऐसे सभी खर्चों का विवरण, कार्य की आवश्यकता, स्वीकृति प्रक्रिया और भुगतान से संबंधित जानकारी सार्वजनिक की जाए तथा वित्तीय नियमों के अनुपालन की जानकारी दी जाए।
आजसू छात्र संघ ने आगामी दीक्षांत समारोह को अधिक से अधिक छात्रों की सहभागिता के साथ आयोजित करने की मांग रखी। संगठन का कहना है कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए इसे सार्वजनिक एवं छात्रहितैषी तरीके से आयोजित करते हुए सभी पात्र छात्रों को समारोह में शामिल होने का अवसर दिया जाना चाहिए।
प्रेस वार्ता में संगठन ने कहा कि विश्वविद्यालय से जुड़े प्रशासनिक एवं वित्तीय मामलों में यदि गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं, तो विश्वविद्यालय के शीर्ष अधिकारियों को उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए। आजसू छात्र संघ ने लगातार उठ रहे प्रशासनिक एवं वित्तीय सवालों पर विश्वविद्यालय प्रबंधन से स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने कहा कि विश्वविद्यालय किसी भी प्रकार की अपारदर्शी प्रक्रिया या अनुत्तरित सवालों के बजाय स्पष्ट जानकारी और दस्तावेजों के माध्यम से स्थिति स्पष्ट करे। संगठन ने कहा कि विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय हित में नियमों का पालन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।
मौके पर विक्की कुमार, रौनक राज, मलय रवानी, कबीर यादव, विजय महतो, चिंटू गोप,भीम महतो, राकेश महतो, राज हाजरा आदि थे।